Type Here to Get Search Results !

बरहमोरिया में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई//9000 किलो जावा महुआ नष्ट, 350 लीटर महुआ शराब जब्त, शराब कारोबारी फरार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में बरहमोरिया गांव में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम भी अभियान में शामिल रही। छापामारी के दौरान पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गांव के विभिन्न स्थानों पर संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण केंद्रों और भट्टियों पर कार्रवाई की।

जांच के दौरान बड़ी मात्रा में शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया जावा महुआ बरामद हुआ। टीम ने करीब 9000 किलोग्राम जावा महुआ को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा बिक्री एवं सप्लाई के लिए तैयार रखी गई करीब 350 लीटर अवैध महुआ शराब भी बरामद कर जब्त की गई। अभियान के दौरान कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब कारोबारी अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भारी मात्रा में जावा महुआ संग्रहित कर शराब बनाने का कार्य कर रहे थे। बरामद सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट एवं जब्त किया गया।

*पुलिस को देखते ही फरार हुए कारोबारी:-
छापामारी दल के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार कारोबारियों की पहचान कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
*अवैध कारोबार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान:-
मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अवैध शराब निर्माण की सूचना मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब से दूर रहें तथा इस तरह की गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें।

इस अभियान का नेतृत्व मुफ्फसिल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने किया। छापामारी दल में एसआई प्रिनान, एसआई महेंद्र देवगम (उत्पाद विभाग), एएसआई राहुल रंजन सिंह, एएसआई मृत्युंजय कुमार सिंह, एएसआई सुंदर लाल मंडल तथा एएसआई शिव शंकर पासवान शामिल थे। इसके अलावा अभियान में जिला पुलिस बल, उत्पाद विभाग की टीम, चौकीदार-दिगवार, महिला पुलिस बल सहित लगभग तीन दर्जन जवानों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों एवं जवानों के संयुक्त प्रयास से अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.