मधुबन पारसनाथ में सब-स्टेशन और 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग, ऊर्जा निगम एमडी से मिले ज्योति सिंह मथारू।
SHIKHAR DARPANFriday, June 12, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र मधुबन पारसनाथ में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) ज्योति सिंह मथारू ने झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के. के. वर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष एवं रांची जैन समाज के वरिष्ठ सदस्य अजय जैन गंगवाल भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मधुबन पारसनाथ क्षेत्र में तीर्थयात्रियों, स्थानीय नागरिकों और धार्मिक संस्थानों को बिजली आपूर्ति में आने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुए एक समर्पित विद्युत उपकेंद्र (सब-स्टेशन) की स्थापना तथा चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक को एक औपचारिक पत्र भी सौंपा और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस पहल का स्वागत समाजसेवी ए. सईदी ने किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी वर्षा ऋतु में क्षेत्र को चार अलग-अलग फीडरों से मिलने वाली विद्युत आपूर्ति के कारण श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और धार्मिक संस्थानों को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल मधुबन पारसनाथ क्षेत्र के विकास, धार्मिक महत्व और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।