Type Here to Get Search Results !

नशे के विरुद्ध एकजुट हुआ गिरिडीह: जागरूकता रैली के माध्यम से दिया गया सामाजिक परिवर्तन का संदेश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में गिरिडीह शहर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। जागरूकता रैली का शुभारंभ झंडा मैदान से हुआ, जो ट्रेंड्स मॉल, सदर अस्पताल, टॉवर चौक एवं आंबेडकर चौक पर जाकर समाप्त हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित नारों एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वसीम अहमद, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, खोरीमहुआ एवं गिरिडीह, आयुष पदाधिकारी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। 

*इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया तथा सभी नागरिकों से इस जन-जागरूकता अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। नशे की लत युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बनाती है तथा सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं को जन्म देती है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध जागरूक रहें, ऐसे मामलों की सूचना प्रशासन को दें तथा नशामुक्त गिरिडीह के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.