Type Here to Get Search Results !

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध माइका लदा पिकअप जब्त, 2 माफिया के नाम आए सामने।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

वन विभाग ने तिसरी थाना क्षेत्र के सेवाढाब में गुप्त सूचना पर छापेमारी कर शुक्रवार देर रात अवैध माइका से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर गावां बीट कार्यालय पहुंचाया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मुकेश बरनवाल और पिंटू यादव के नाम सामने आए हैं। गावां के वनपाल राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है, साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि माइका कारोबारी तिसरी के पंचरुखी, मनसाडीह, खटपोंक के जंगलों से अवैध माइका निकालकर गड़कुरा होते हुए कोडरमा के मसनोडीह तक सप्लाई कर रहे थे। इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल राजेंद्र प्रसाद, वन उप परिसर पदाधिकारी और होमगार्ड जवान सुरेश महतो समेत अन्य वनकर्मी शामिल थे। बता दें कि पूर्व में कई बार कार्रवाई के बावजूद तिसरी के नामचीन माइका माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं। कई माफियाओं के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.