जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 28 अप्रैल को हुई सड़क दुर्घटना ने एक शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। घर के बाहर बैठे तीन लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें कौपा क्षेत्र निवासी युवक शंकर दास की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शंकर दास बाइक से शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शंकर दास की हालत नाजुक देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया।इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि हादसा बिदाई से ठीक पहले हुआ, जिससे शादी का माहौल अचानक गम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए लापरवाह चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।