हजारीबाग घटना के विरोध में गिरिडीह में पत्रकारों का प्रदर्शन।
SHIKHAR DARPANFriday, May 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
हजारीबाग में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से सवाल पूछने के दौरान पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में शुक्रवार को गिरिडीह में जोरदार प्रदर्शन किया गया। गिरिडीह प्रेस क्लब के बैनर तले टॉवर चौक पर आयोजित इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व क्लब के अध्यक्ष राकेश सिन्हा और महासचिव अरविंद कुमार ने किया। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “पत्रकारों पर हमला बंद करो” और “पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करो” की मांग उठाई। साथ ही मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ भी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के बाद प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम करता है।
इसके बावजूद लगातार पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों ने राज्य सरकार से मांग की कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। इस मौके पर सूरज सिन्हा, अंजनी सिन्हा, अभिषेक सहाय, सुनील मंथन शर्मा, जगजीत सिंह बग्गा, अजय सिंह, रिंकेश कुमार, मृणाल सिन्हा, पीयूष मिश्रा, शाहिद रजा, नमन नवनीत, बिनोद शर्मा, निशांत कुमार, विनोद कुमार, विकास कुमार सिंह, सुरेंद्र यादव, योगेश्वर दास, पप्पू कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।