Type Here to Get Search Results !

नया पुल के नीचे पानी में मिला ड्राइवर शमीम अंसारी का शव, हादसे की आशंका।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहर के आजाद नगर भंडारीडीह निवासी शमीम अंसारी का शव शुक्रवार सुबह बरगंडा स्थित नया पुल के नीचे पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शमीम अंसारी गुरुवार सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे। वे पेशे से ड्राइवर थे और बरगंडा निवासी एक व्यक्ति का वाहन चलाते थे। परिजनों ने बताया कि गुरुवार दोपहर उनके मोबाइल से किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी थी कि शमीम नया पुल के पास गिरे हुए हैं।

इस सूचना के बाद परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे। खोजबीन के दौरान घटनास्थल के पास से उनका मोबाइल फोन और चप्पल बरामद हुआ था, जिससे अनहोनी की आशंका और बढ़ गई थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार, शमीम अंसारी को मिर्गी (दौरा) की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि दौरा पड़ने के कारण वे पुल के पास गिर गए होंगे और पानी में गिरने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.