जिले में कुल 1451 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें से 1424 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
SHIKHAR DARPANSunday, May 03, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों—HE हाई स्कूल, पचंबा हाई स्कूल एवं सर जेसी बोस स्कूल—का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की स्थिति में तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के संचालन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है।
इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। जिले में कुल 1451 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें से 1424 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से भी संवाद स्थापित किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई थी, जहां से पूरे परीक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। मौके पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, श्रीकांत यशवंत विस्पुते, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गुलाम समदानी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वसीम अहमद, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।