ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन (AJDTU) के बैनर तले बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को अपने प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर जमुआ प्रखंड क्षेत्र में एक विशाल महासम्मेलन एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गिरिडीह, राजधनवार, बेंगाबाद, हजारीबाग, दुमका, जामताड़ा, पलामू, कोडरमा एवं डुमरी सहित विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में ड्राइवर शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान यूनियन के सदस्यों को गुलदस्ता एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, ड्राइवरों ने केंद्र सरकार द्वारा भारतीय न्याय संहिता के तहत लागू किए गए नए ‘हिट एंड रन’ कानून को “काला कानून” बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।प्रदेश महासचिव शाहनवाज खान ने कहा कि देश को आजाद हुए 79 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी ड्राइवर समाज को मूलभूत सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने ड्राइवरों के साथ हो रहे शोषण और अत्याचार पर चिंता जताते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
ड्राइवरों ने नए कानून के प्रावधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद मौके से भागने पर 10 साल की सजा और ₹7 लाख तक का जुर्माना अत्यधिक कठोर है, जिसे वहन करना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार भीड़ के गुस्से और संभावित हिंसा के डर से चालक घटनास्थल से हटते हैं। यूनियन ने सरकार से इस कानून को वापस लेने या इसमें आवश्यक संशोधन करने की मांग की। साथ ही ड्राइवर समाज के हित में कई अहम मांगें भी रखी गईं, जिनमें ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड की स्थापना तथा ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना शामिल है।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य ड्राइवरों की एकता को मजबूत करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना है। साथ ही जमुआ एवं आसपास के क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।


