बाघाडीह पुल के अधूरे एप्रोच का निर्माण तत्काल पूरा करे विभाग- राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANThursday, April 23, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने गिरिडीह-जामताड़ा जिले की सीमा एवं गांडेय प्रखंड के अंतिम छोर पर बाघाडीह-दिघारी पुल के अधूरे एप्रोच निर्माण को तत्काल पूरा करने तथा निर्माण कार्य में बढ़ती गई अनियमिताओं की जांच की मांग संबंधित विभाग तथा जिला प्रशासन से की है। आज इसे लेकर पूर्व जिप सदस्य एवं ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के जिला संयोजक राजेश यादव की अगुवाई में एक टीम ने विशेष कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार मरांडी से मिलकर उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपा। कार्यपालक अभियंता के अलावा जिले के उपायुक्त के नाम भी एक प्रति सौंपी गई।
ज्ञापन के माध्यम से श्री यादव ने ग्रामीणों का दिक्कतों का हवाला देते हुए कहा कि तत्काल अधूरा एप्रोच पूरा करने तथा अभी तक के कार्यों में बरती गई अनियमितता की जांच की मांग की। साथ ही कहा कि, यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे स्थानीय लोगों को लेकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। विकास के नाम पर मनमानी और लूट चलने नहीं दी जाएगी। मुलाकात क्रम में कार्यपालक अभियंता ने अधीनस्थ एसडीओ की एक टीम को निर्माण स्थल जाकर कार्य का जायजा लेने का आदेश भी दिया। इस पहल के लिए श्री यादव ने उन्हें धन्यवाद दिया। आज अधिकारियों से मिलने गई टीम में स्थानीय मुर्तजा अंसारी सहित पार्टी नेता मनोज यादव एवं कन्हैया सिंह मौजूद थे।