वेल्डिंग की चिंगारी से ट्रक में लगी आग, दमकल ने आधे घंटे में पाया काबू।
SHIKHAR DARPANThursday, April 23, 2026
0
डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जामतारा पंचायत के करियारी स्थित एक ट्रक बॉडी बिल्डर शॉप में गुरुवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में हजारों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार, जामतारा निवासी पिंटू शर्मा द्वारा संचालित उक्त बॉडी बिल्डर शॉप में फुसरो से एक ट्रक मरम्मत के लिए लाया गया था। शॉप के कर्मी ट्रक की बॉडी में वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी तेज हवा के कारण ट्रक के केबिन में जा गिरी, जिससे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते केबिन से तेज लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही शॉप में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और कर्मी तत्काल आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच लक्ष्मण टुंडा में चल रहे यज्ञ के कारण डुमरी अनुमंडल कार्यालय परिसर में मौजूद अग्निशमन वाहन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगलगी में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, वहीं इंजन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास खड़े अन्य वाहनों में भी आग फैलने की आशंका थी। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।