पीरटांड सीएचसी में बीपीएम पर अनियमितता के आरोप, जांच टीम पहुंची — सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 29, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड प्रमुख सविता टुडू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पीरटांड़ की प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) सरिता कुमारी के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग के अभियान निदेशक को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रमुख ने अपने पत्र में कहा है कि सरिता कुमारी पिछले 15 वर्षों से एक ही पद पर पदस्थापित हैं, जबकि उनके खिलाफ पंचायत समिति और 20 सूत्री की बैठकों में कई बार सिकायतें उठ चुकी हैं।पत्र में बीपीएम पर कई अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं, जिनमें सहिया प्रोत्साहन राशि में गड़बड़ी, संस्थागत प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं को भोजन नहीं देना, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार नहीं करना समेत अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। प्रमुख ने यह भी उल्लेख किया है कि उनके कार्यकाल में कई तरह के घोटाले के आरोप भी लग चुके हैं।
इधर, शिकायत के आधार पर बुधवार को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच टीम पहुंची। जांच टीम की अगुवाई कर रहीं डॉ. रेखा झा ने अस्पताल के विभिन्न दस्तावेजों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में प्रचार-प्रसार के लिए बैनर और होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया। साथ ही, गर्भवती महिलाओं को भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया । जांच के दौरान बीपीएम को सख्त हिदायत देते हुए कहा गया कि यदि एक महीने के भीतर कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान प्रमुख सविता टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर शशिकांत,पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी सहित सम्बंधित विभाग के लोग मौजूद थे ।