Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में धूमधाम से मनाया गया भोक्ता पर्व, आस्था का अनोखा संगम।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड प्रखंड के पालगंज पंचायत स्थित महादेवमंडा शिव मंदिर में बुधवार को बिशुआ पर्व सह भोक्ता पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार इस पर्व की शुरुआत पालगंज राज परिवार के समय से मानी जाती है। परंपरा के तहत ‘फूल ढराई’ में पहला फूल राज परिवार द्वारा अर्पित किया जाता है। रात में भक्तों ने नंगे पांव जलते अंगारों पर चलकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। पर्व के दौरान कई भक्तों ने अपनी पीठ पर किल चुभोकर खंभे से झूलते हुए भक्ति का अनूठा प्रदर्शन किया और श्रद्धा के फूल बरसाए। वहीं महिलाओं ने भी झूले के खंभे की पूजा-अर्चना कर भक्तों की कुशलता की कामना की।

इस अवसर पर तीन दिवसीय बिशुआ मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। मेले के पहले दिन भोक्ता गण भगवान शिव की पूजा करते हैं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ‘पाठ भोक्तिया’ की पूजा भी की जाती है। नहाय-खाय और खरना के बाद अंतिम दिन भक्त आग पर चलकर अपनी भक्ति और शक्ति का प्रदर्शन करते हैं। कार्यक्रम से पूर्व रात्रि में भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे आयोजन को सफल बनाने में रामप्रसाद महतो, कार्तिक राय, रोहित राय, राजू सिंह, शंकर राय, बादल कुमार, शंभु राय, कृष्ण कुमार, दिनेश राय सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा। गौरतलब है कि भोक्ता पर्व पीरटांड़ क्षेत्र के कई शिव मंदिरों में मनाया जाता है, जहां श्रद्धालु भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए अपनी आस्था और श्रद्धा का प्रदर्शन करते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.