Type Here to Get Search Results !

जनता दरबार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में पारिवारिक विवाद, भूमि एवं ज़मीन से संबंधित मामले, लगान रसीद, म्यूटेशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य कई प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया जाए।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित लाभुकों से संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। जिन लाभुकों ने किसी कारणवश योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की बात कही, उनके मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने विशेष रूप से वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त संवाद का माध्यम है, जहां लोग अपनी समस्याओं को सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। इससे न केवल समस्याओं के समाधान में तेजी आती है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है। मौके पर अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.