मॉडल स्कूल के छात्र रणवीर रजक ने आकांक्षा इंजीनियरिंग परीक्षा में पाई सफलता।
SHIKHAR DARPANFriday, April 24, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
ग्रामीण क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि पीरटांड कुम्हरलालो मॉडल स्कूल के छात्र रणवीर रजक ने मैट्रिक परीक्षा में 89.60% अंक हासिल करने के बाद आकांक्षा इंजीनियरिंग परीक्षा को भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है।इसकी जानकारी देते हुए मॉडल स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद मिश्रा ने बताया कि इस उपलब्धि के तहत अब उन्हें रांची में निःशुल्क इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (JEE) की तैयारी कराई जाएगी। रणवीर की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मॉडल विद्यालय के कई छात्र आकांक्षा योजना के माध्यम से आगे बढ़कर मेडिकल क्षेत्र में सफलता हासिल कर चुके हैं और वर्तमान में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने रणवीर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि स्कूल और क्षेत्र दोनों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और भी छात्र इस तरह की परीक्षाओं में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।