गिरिडीह में बिजली विभाग के स्टोर रूम में भीषण आग, लाखों का नुकसान।
SHIKHAR DARPANMonday, April 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर के गांधी चौक के समीप स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम के स्टोर रूम में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में स्थित एक गुमटी भी इसकी चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन उस समय फायर ब्रिगेड की दोनों गाड़ियां अन्य जगहों पर व्यस्त थीं। करीब 30 मिनट की देरी के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
घटना के दौरान नगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में बिजली विभाग के स्टोर में रखे कई महत्वपूर्ण उपकरण और सामग्री जलकर राख हो गए हैं। फिलहाल विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।