सरकार द्वारा सामुदायिक उपयोग के लिए निर्मित बिल्डिंग मुक्त करे वन विभाग - राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANFriday, April 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पूर्व जिप सदस्य एवं ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के जिला संयोजक राजेश यादव की अगुवाई में सिरसिया के कई निवासियों ने उनके मौजा में सामुदायिक उपयोग के लिए बनाई गई सरकारी बिल्डिंग को वन विभाग की मौजूदा घेराबंदी से मुक्त करने सहित वहां स्कूली बच्चों के लिए खेल मैदान तथा आम लोगों के लिए श्मशान घाट और प्रतिमा विसर्जन हेतु तालाब जाने के लिए रास्ते की मांग वनाधिकार कानून के तहत वन विभाग से की है। इसे लेकर मौजूदा गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 स्थित सिरसिया मौजा में करीब 10-15 वर्ष पूर्व बने एक सामुदायिक उपयोग की बदहाल और उपेक्षित पड़ी बिल्डिंग के समक्ष एक प्रारंभिक बैठक कर इस बाबत लोगों की परेशानियों पर चर्चा की गई। चर्चा उपरांत श्री यादव ने बताया कि, यह भवन संभवतः 'ग्राम संसद' जैसे किसी नाम से सामुदायिक उपयोग के लिए बनाया गया था। लेकिन लंबे समय तक इसे आम लोगों के सुपुर्द ही नहीं किए जाने तथा इसकी उपेक्षा के कारण अब बदहाल अवस्था में है।
स्थानीय लोगों की सामुदायिक जरूरतों को देखते हुए यह भवन बहुत उपयोगी है। लेकिन इसे फिलहाल वन विभाग ने अपनी भूमि के साथ घेराबंदी में ले लिया है। कहा कि, यहां एक स्कूल भी है जिसके लिए कोई खेल मैदान नहीं है। श्मशान घाट जाने का रास्ता भी इसी जमीन से होकर जाता है। सिरसिया सहित आसपास की प्रतिमाएं जिस तालाब में विसर्जित होती हैं, उसका रास्ता भी वन विभाग ने तार से घेरा हुआ है। इसलिए स्थानीय लोगों ने अपनी सामुदायिक जरूरतों को देखते हुए सरकारी बिल्डिंग को घेराबंदी से मुक्त करने समेत स्कूल के मैदान तथा शमशान और प्रतिमा विसर्जन के लिए रास्ते की मांग की है। श्री यादव ने कहा कि, शीघ्र ही इसके लिए वनाधिकार के तहत एक ग्राम सभा कर उक्त मांगें की जाएंगी। इस दौरान कृष्णा ठाकुर, धीरेन्द्र झा, योगेश्वर दास, शिवपूजन ठाकुर, राजेश रजक, राजा कुमार, सचिन बर्मन, रामकिसुन दास, रामचंद्र दास, पप्पू रजक, ललन दास, बबलू रजक, शशि स्वर्णकार, राजेश रजक, सूरज दास सहित अन्य थे।