मधुबन से पारसनाथ पर्वत तक स्वच्छता अभियान तेज, डस्टबिन लगाकर यात्रियों को किया जा रहा जागरूक।
SHIKHAR DARPANSunday, April 26, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
जैन धर्म के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन से पारसनाथ पर्वत तक स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से शिखरजी स्वच्छता समिति मधुबन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पूरे मार्ग में जगह-जगह डस्टबिन लगाए जा रहे हैं, ताकि तीर्थ क्षेत्र में फैलने वाले कचरे पर रोक लगाई जा सके और पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सके। समिति के सदस्य इस कार्य को लेकर लगातार सक्रिय हैं और कठिन मार्ग होने के बावजूद पूरी मेहनत और समर्पण के साथ डस्टबिन लगाने का कार्य कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक स्वच्छता के प्रति जागरूक हों और तीर्थ स्थल की पवित्रता बनी रहे।
इसके साथ ही समिति द्वारा जैन तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों से अपील की जा रही है कि वे प्लास्टिक की बोतलें, खाने-पीने के पैकेट और अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि डस्टबिन का ही उपयोग करें। स्वच्छता को धर्म का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए समिति ने कहा कि तीर्थ स्थल की गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। समिति का मानना है कि यदि सभी श्रद्धालु और पर्यटक इस पहल में सहयोग करेंगे, तो यह पवित्र स्थल न केवल स्वच्छ रहेगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित और सुंदर बना रहेगा।