Type Here to Get Search Results !

जेपी चौक–कल्याणडीह फोर लेन निर्माण में फिर सुस्ती, विभाग पर माले का निशाना।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जेपी चौक से कल्याणडीह तक बन रहे फोर लेन सड़क निर्माण कार्य में एक बार फिर सुस्ती देखी जा रही है। इसको लेकर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा ने विभाग और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।सिन्हा ने कहा कि फोर लेन परियोजना गिरिडीह के महत्वपूर्ण विकास कार्यों में शामिल है, लेकिन पचंबा फोर लेन का निर्माण शुरू से ही धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “विभाग सो- सो कर काम करवा रहा है,” जिसके कारण तीन से चार साल बीत जाने के बाद भी परियोजना अधूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं लाई गई हैं, जिनमें यह फोर लेन भी शामिल है, लेकिन इसकी लगातार मॉनिटरिंग नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार, यह सड़क एक से दो साल में बन जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक पूरा नहीं होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।

माले नेता ने निर्माण कार्य में असमानता और पक्षपात का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कहीं सड़क चौड़ी है तो कहीं संकरी, कहीं अतिक्रमण हटाया गया तो कहीं नहीं। पुराने जेल और नगर निगम के पीछे दुकानों को हटाए जाने के बाद भी प्रभावित लोगों को अब तक स्पष्ट दिशा नहीं मिल सकी है। सिन्हा ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य में देरी के पीछे केवल ठेकेदार ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों और स्थानीय स्तर पर तालमेल की कमी भी बड़ी वजह है। बिजली विभाग, वन विभाग, अतिक्रमण और ट्रैफिक जैसी समस्याओं के कारण काम बार-बार बाधित हो रहा है।उन्होंने मांग की कि प्रशासन पहले सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करे और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो सके। अंत में उन्होंने कहा कि भाकपा माले इस मुद्दे को लगातार उठाती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.