धनवार के लाल बाजार में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, पांच गंभीर घायल।
SHIKHAR DARPANThursday, April 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बाजार के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ, जब खोरीमहुआ की ओर जा रही एक सवारी बस और देवघर से बिरनी की ओर आ रही स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम का परिवार देवघर में एक शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान लाल बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रही ‘विभा’ नामक बस से उनकी कार की टक्कर हो गई।इस हादसे में 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण राम और अरविंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।