तिसरी में अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 08, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय-नयनपुर थाना क्षेत्र के लेढ़वा पहाड़ी जंगल में बुधवार को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गांवां अंचल तिसरी के पुलिस इंस्पेक्टर रोहित महतो एवं थानसिंगडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस इंस्पेक्टर रोहित महतो ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने आशंका जताई कि घटनास्थल बिहार सीमा के समीप होने के कारण शव किसी अन्य राज्य, विशेषकर बिहार की महिला का भी हो सकता है।
प्राथमिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि महिला की हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कहीं और जलाया गया और बाद में लेढ़वा टांड़ जंगल में लाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि शव की पहचान के लिए फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई है तथा डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। हालांकि अचानक हुई भारी बारिश के कारण घटनास्थल पर अधिक देर तक कार्रवाई संभव नहीं हो सकी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।