गिरिडीह में दो लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, गांजा बरामद।
SHIKHAR DARPANSunday, April 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग लूटकांडों का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय अफरोज शेख के रूप में हुई है, जिसे देवघर से पकड़ा गया। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल, नकदी, पर्स, एटीएम और आधार कार्ड समेत बड़ी मात्रा में गांजा भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना 11-12 अप्रैल की रात करीब 1 बजे बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास हुई थी, जहां राहगीरों से लूटपाट की गई। वहीं दूसरी घटना 16 अप्रैल की रात हुई, जिसमें अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8500 रुपये नगद छीन लिए गए थे।
एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसी क्रम में 25 अप्रैल को न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी के दौरान रवानी कुरैशी के घर से 1575 ग्राम गांजा, 50 नशीली गोलियां और 3000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया है। हालांकि, इस मामले के दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव ने किया, जबकि नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह समेत पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।