काम के दौरान घायल हुए बिजली मिस्त्री मनोज दास के लिए समुचित इलाज और भरण-पोषण की व्यवस्था करे बिजली विभाग - राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANFriday, April 17, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने आज रसनजोरी पंचायत के बोटोटांड़ जाकर, करीब 3 वर्ष पूर्व बिजली का 11 हजार फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने और पोल से गिरने के कारण बुरी तरह से घायल होकर अपंगता की हालत में चले गए मनोज दास की दयनीय अवस्था का हाल लिया तथा बिजली विभाग से उनके लिए समुचित इलाज तथा परिवार के लिए भरण-पोषण की व्यवस्था की मांग की। मनोज दास ने बताया कि, वह करीब 5 वर्षों से बिजली विभाग के अधीन फील्ड में मेंटेनेंस का काम देखा था। रात-दिन का कोई ठिकाना नहीं, जब भी जरूरी हुआ उन्होंने बिजली विभाग में सेवा दी। घटना के दिन भी वह भदवा खुर्द गांव के पास 11 हजार के फॉल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था, इसी दौरान करंट लगने से बेहोश होकर नीचे जमीन पर गिर पड़ा और बुरी तरह से घायल हो गया।
लेकिन घटना के बाद बिजली विभाग के लोगों ने उन्हें सिर्फ अस्पताल पहुंचा कर पिंड छुड़ा लिया। आगे उनके परिवार ने खुद इलाज के लिए यहां-वहां से पैसे उधार लेकर और अपनी जगह-जमीन तक बेचकर 10 लाख खर्च कर दिए हैं। अब उनके पास बेचने को जमीन या पैसे भी नहीं हैं, जिससे आगे का इलाज हो सके। इलाज और परिवार के भरण-पोषण तक की समस्या विकराल हो चुकी है। उनकी बातों को सुनकर श्री यादव ने स्थानीय लोगों से भी बात की और सबों ने एक स्वर में बिजली विभाग तथा सरकार से इसका उचित संज्ञान लेने एवं पीड़ित के समुचित इलाज तथा परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था की मांग की। साथ ही कहा कि, यदि ऐसा नहीं किया गया तो समूचे ग्रामीण मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मौके पर पीड़ित मनोज दास, उसकी पत्नी फूलकुमारी देवी सहित स्थानीय समाजसेवी रिजवान अंसारी, शफीक अंसारी, फॉरवर्ड ब्लॉक नेता रोहित यादव, सारो देवी, रुकिया देवी, रंजीत दास, संजू दास, छोटूलाल दास एवं अन्य मौजूद थे।