Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पत्थर खदान विवाद में चाचा की हत्या, आरोपी फरार — इलाके में तनाव।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।


जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरीडीह गांव में पत्थर खदान से जुड़े पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार देर रात हुए इस हत्याकांड में 55-56 वर्षीय रफीक अंसारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जबकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्थर खदान के संचालन और पैसों के बंटवारे को लेकर रफीक अंसारी का अपने ही भतीजे जियाउल अंसारी, अयूब अंसारी और उसके बेटे के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की रात गांव के एक व्यक्ति द्वारा बुलाए जाने पर रफीक अंसारी वहां पहुंचे, जहां पहले से मौजूद आरोपियों के साथ उनका विवाद बढ़ गया।

देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने मिलकर रफीक अंसारी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने न्याय की मांग को लेकर हंगामा भी किया। गांव में स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और माहौल पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.