Type Here to Get Search Results !

सरिया थाना क्षेत्र से हुए ₹3 लाख चोरी कांड का हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में ₹3 लाख की चोरी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से बाइक, मोबाइल और नकद राशि बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को केसवारी बाजार के पास बालेडीह निवासी मंजू देवी (44) ने भारतीय स्टेट बैंक की सरिया शाखा से ₹3 लाख की निकासी की थी। घर लौटते समय उन्होंने पैसे अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। इसी दौरान केसवारी बाजार में फल खरीदते वक्त चोरों ने मौका पाकर डिक्की से पूरी राशि उड़ा ली। घटना के बाद सरिया थाना में कांड संख्या 70/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुर्शीद अंसारी (37) निवासी बिशनपुर पचंबा और मोहम्मद साबिर अंसारी (करीब 50) निवासी पचंबा, गिरिडीह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ग्लैमर बाइक (JH 11 AA 7883), दो मोबाइल फोन और चोरी की रकम में से ₹15 हजार नगद बरामद किया है। सभी सामान जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, शेष राशि की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है और आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.