Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह: बिजली संकट को लेकर माले का जीएम से घेराव, जल्द सुधार का आश्वासन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में बढ़ती बिजली समस्या को लेकर भाकपा माले के नेताओं ने शुक्रवार को बिजली विभाग के महाप्रबंधक परितोष कुमार से मुलाकात की। माले नेता राजेश सिन्हा के नेतृत्व में शहरी व मुफ्फसिल क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खुले तारों जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। माले नेताओं ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रातभर बिजली गुल रहने से छात्र, बुजुर्ग, बच्चे और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के तार घरों के ऊपर से गुजर रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

बैठक में चमन चौक और चैताडीह में पुराने ट्रांसफॉर्मर बदलने, महुआटांड़ समेत ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने, खुले तारों को सुरक्षित करने, कमजोर ट्रांसफॉर्मरों को बदलने, बिजली बिल में गड़बड़ी सुधारने और नियमित मीटर रीडिंग कराने की मांग रखी गई।इस दौरान प्रखंड सचिव मसूदन कोल, किशोर राय, भीखारी राय, नौशाद आलम, आफताब आलम, प्रवीण सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। महाप्रबंधक परितोष कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बढ़े हुए लोड के कारण कुछ परेशानी आ रही है, लेकिन विभाग ने सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाएगा और आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर व तारों से संबंधित कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। माले नेताओं ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.