Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह: 10 किलो से अधिक गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, पचंबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पचंबा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को पचंबा थाना क्षेत्र के माथाडीह इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 10.10 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा की खरीद-बिक्री के लिए माथाडीह पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।इस दौरान सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में खड़े दो व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई।

उनकी पहचान शिव शंकर साव (45) और हरि शंकर राम (39) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए महेंद्र यादव (48) और कमलेश कुमार सिंह (27) को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से भी करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस तरह कुल 10.10 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 38/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.