Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में सड़क हादसों का सिलसिला, तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में दर्जनभर घायल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज परिजनों द्वारा विभिन्न अस्पतालों में कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटनाओं के बाद बेंगाबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

*पहली घटना बेंगाबाद–गिरिडीह मुख्य मार्ग के कर्णपुरा नदी के समीप हुई, जहां दो स्कूटी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में बिशनीशरण गांव निवासी सोनू मुर्मू और उनकी पत्नी चम्पा सोरेन के साथ हड़ोडीह गांव के दिलीप तुरी और पिंकू तुरी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से दिलीप तुरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया।

*दूसरी घटना बेंगाबाद–गिरिडीह मार्ग पर सोनबाद के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार पर सवार छह महिलाएं घायल हो गईं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि सभी महिलाएं एक निजी स्कूल की शिक्षिका हैं और चकाई के सरोन से पढ़ाकर लौट रही थीं। इसी दौरान देवघर से गिरिडीह आ रही एक बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। घायलों में सिरसिया निवासी रेखा देवी, आजाद नगर भंडारीडीह की शबनम प्रवीण, बड़ा चौक की सदफ प्रवीण समेत अन्य शामिल हैं।
*तीसरी घटना डाकबंगला से धोबिया मोड़ जाने वाले मार्ग पर लखनपुर के पास हुई, जहां दो बाइक सवारों की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। घायलों में लुप्पी पंचायत के मंझलाटोल निवासी कारू हेंब्रम और अरविंद हेंब्रम शामिल हैं। अरविंद हेंब्रम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.