Type Here to Get Search Results !

बिरगड्डी पुल के पास सड़क निर्माण में अनियमितता, उप प्रमुख ने रुकवाया काम।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र के कुडको और मंडरो पंचायत को जोड़ने वाले बिरगड्डी पुल के समीप चल रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आया है। लगातार ग्रामीणों के शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को पीरटांड़ उप प्रमुख महेंद्र कुमार महतो मौके पर जांच करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में कई गड़बड़ियां पाईं। बताया कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था और बिना जीएसबी किए ही सड़क बनाई जा रही थी।

इस पर उप प्रमुख ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्य को बंद करवा दिया और संवेदक को निर्माण में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया। उप प्रमुख महेंद्र महतो ने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण में लगातार अनियमितताएं बढ़ रही हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ वर्ष पूर्व अम्बाटांड़ में भी इसी प्रकार सड़क का निर्माण किया गया था, जिसकी स्थिति अब खराब हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में संवेदकों की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। जब तक निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जाएगा, तब तक काम शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.