सेवानिवृत्त हुए शिक्षक पूरन मांझी, विदाई समारोह का हुआ आयोजन।
SHIKHAR DARPANMonday, April 06, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत जयनगर मध्य विद्यालय परिसर में सोमवार को शिक्षक पूरन मांझी के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें शिक्षकों ने श्री मांझी के लंबे और समर्पित शिक्षकीय जीवन की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि पूरन मांझी ने अपने कर्म, निष्ठा एवं समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे न केवल एक शिक्षक नही बल्कि समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत रहे हैं। चिरकी के एक साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
वर्ष 1994 में उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की और विभिन्न विद्यालयों में सेवा देते हुए अंततः उत्क्रमित मध्य विद्यालय जयनगर में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत रहे। उनके कार्यकाल के दौरान शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का विशेष प्रभाव देखने को मिला। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित दौर में भी उन्होंने शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया और बंद पड़े कई विद्यालयों को पुनः संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिली। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि श्री मांझी का जीवन अनुशासन, परिश्रम और समर्पण का प्रतीक है। उनके द्वारा किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेंगे। समारोह के अंत में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की ।