हजारीबाग घटना के विरोध में आजसू का कैंडल मार्च, कड़ी कार्रवाई की मांग।
SHIKHAR DARPANWednesday, April 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
हजारीबाग में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या की दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। इस घटना के विरोध में आजसू पार्टी द्वारा गिरिडीह के टावर चौक पर कैंडल मार्च निकाला गया।मार्च में पार्टी के महिला मोर्चा से जुड़ी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुईं। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। कैंडल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंचा, जहां लोगों ने “हम न्याय चाहते हैं” जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश जाहिर किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष कम्पू यादव ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मनोज शर्मा, सचिव टिंकू साव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियंका शर्मा, कनक सिंह, ममता देवी, साधना देवी, रूबी देवी, आरती देवी, सुमन देवी, प्रमिला देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।