गिरिडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, 12 वर्षीय बच्चे की मौत, मां गंभीर घायल।
SHIKHAR DARPANTuesday, April 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटवाली के समीप मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निमियाघाट थाना क्षेत्र के महुआटांड़ निवासी महेंद्र महतो की पत्नी लक्ष्मी देवी (26) अपने 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार और दो वर्षीय पुत्री नित्या कुमारी के साथ स्कूटी से डुमरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घुटवाली के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
वहीं छोटी बच्ची नित्या कुमारी को हल्की चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को रेफरल अस्पताल डुमरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।