हाथी के हमले में घायल महिला की 10 दिनों तक इलाज के बाद मौ'त, तिसरी प्रखंड का मामला।
SHIKHAR DARPANMonday, April 06, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत सिंघो पंचायत के लक्षमनिया गांव में बीते 27 मार्च यानि रामनवमी की देर शाम हुए जंगली हाथियों के हमले में घायल महिला की 10 दिनों के इलाज के बाद मौत हो गई है। मृतका लक्ष्मनिया गांव निवासी स्व. रामू यादव की पत्नी मंगरी देवी है। महिला की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने उनके शव को पोस्टमार्टम हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करवाने के लिए तिसरी थाना लाया। ग्रामीणों ने बताया कि बीते 27 मार्च की देर शाम सिंघो के लक्ष्मनिया - धोवापाट गांव में अचानक जंगली हाथियों का झुंड घुस गया था। इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। हाथियों ने मृतका मंगरी देवी के खलिहान में रखे अनाज को खाना शुरू कर दिया।
अंधेरा होने के कारण हाथी दिखाई नहीं दिए और मंगरी देवी ने सोचा कि कोई मवेशी उनके खलिहान में रखे अनाज को खा रहे हैं। लिहाजा वे वहां पहुंच गई और उन्हें भगाने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान हाथी ने उनपर हमला कर दिया। हमले में घायल मंगरी देवी को रातों- रात इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया, जहाँ से रांची रिम्स और फिर लाइफ केयर अस्पताल.10 दिनों तक इलाज चलने के बाद डॉक्टरों ने जवाब दे दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए,जहाँ रविवार को मंगरी देवी की मौत हो गई। नरेश यादव, जयनारायण यादव, दिनेश विश्वकर्मा समेत ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।