Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह: बियर लदी ट्रक पलटी, चालक बाल-बाल बचा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर भंडारीडीह मवेशी अस्पताल के समीप बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बियर लदी एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक बोकारो से बियर लोड कर पचंबा के परसाटांड की ओर जा रही थी। इसी दौरान भंडारीडीह मवेशी अस्पताल के पास सड़क के जर्जर हिस्से में वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रक पलट गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।

लोगों ने ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारू कराया। वहीं, उत्पाद विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और पलटी हुई ट्रक को हटाने की प्रक्रिया जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.