गिरिडीह नगर थाना में शांति समिति की बैठक, रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट।
SHIKHAR DARPANWednesday, March 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को गिरिडीह नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी नीरज सिंह ने की, जबकि संचालन नगर थाना प्रभारी द्वारा किया गया।बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न रामनवमी पूजा समितियों के सदस्य एवं दोनों समुदाय के गणमान्य लोग उपस्थित हुए। इस दौरान प्रशासन की ओर से जुलूस मार्ग, समय-सीमा, ध्वनि नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी नीरज सिंह ने कहा "रामनवमी हम सभी का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, लेकिन आपकी सहभागिता और सहयोग के बिना त्योहार को सफल बनाना संभव नहीं है। सभी लोग नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।"उन्होंने आगे कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।वहीं बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे और रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और त्योहार को आपसी सौहार्द के साथ मनाने को लेकर जागरूकता फैलाना रहा।