Type Here to Get Search Results !

फर्जी शिक्षक भर्ती पत्र से मचा हड़कंप, साइबर ठगी की आशंका।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों संदिग्ध शिक्षक भर्ती पत्र को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। “झारखंड संविदा शिक्षक भर्ती” के नाम पर पंचायत प्रतिनिधियों (मुखिया) को डाक के माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र ने साइबर ठगी की आशंका बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बंद लिफाफे में भेजे गए इस पत्र के साथ एक आवेदन फॉर्म भी संलग्न है, जिसमें नर्सरी, प्राइमरी और कंप्यूटर शिक्षक के पदों पर भर्ती का दावा किया गया है। इसमें 10वीं से स्नातक तक की योग्यता रखने वाले युवाओं से आवेदन मांगे गए हैं। कई मुखियाओं ने इसे सही मानते हुए सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया, जिससे बड़ी संख्या में युवा इसके प्रति आकर्षित हो गए। हालांकि, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे संदिग्ध बताया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के आवेदन फर्जी हो सकते हैं और युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत है।

वहीं शिक्षा विभाग के बीपीओ ने भी साफ किया कि विभाग के पास ऐसी किसी भर्ती से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस तरह के मामलों में साइबर ठग फर्जी नियुक्ति के नाम पर युवाओं से आवेदन शुल्क या व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ठगी करते हैं। ऐसे में बिना आधिकारिक पुष्टि के आवेदन करना जोखिम भरा हो सकता है। इधर, पालगंज के बिरजू साहू, हारलाडीह के बीरेंद्र पंडित और मंडरो के ब्रजकिशोर टुडू ने बताया कि डाक के माध्यम से दो पन्नों का पत्र मिला है, जिसमें एक में विज्ञापन और दूसरे में आवेदन फॉर्म शामिल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन जरूर करें और साइबर ठगी से सतर्क रहें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.