Type Here to Get Search Results !

होली पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त ने वीसी के माध्यम से जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

होली पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने वीसी के माध्यम से जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि होली रंगों और आपसी भाईचारे का पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट से माहौल बिगड़ सकता है। ऐसे मामलों में जिला प्रशासन द्वारा त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आईटी सेल को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

बैठक में होलिका दहन स्थलों की सूची की समीक्षा की गई तथा सभी स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि होलिका दहन के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम सतर्क रहे तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्युत विभाग, पेयजल विभाग एवं नगर परिषद को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सड़कों की साफ-सफाई, नालियों की सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया तथा सदर अस्पताल में आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में गश्ती दल सक्रिय रहेंगे।

असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ध्वनि प्रदूषण नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए निर्धारित समय-सीमा का पालन अनिवार्य होगा।बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे। कई सदस्यों ने मोहल्ला स्तर पर शांति समिति की छोटी बैठकों के आयोजन का सुझाव दिया, जिसे उपायुक्त ने सराहा और तत्काल अमल में लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकता है। अंत में उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना को बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। बैठक का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ और सभी ने मिलकर होली को शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.