गिरिडीह में प्राइवेट स्कूल के खिलाफ गार्जियनों का हंगामा, मनमानी नीति पर उठे सवाल।
SHIKHAR DARPANThursday, March 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। गुरुवार को संत जोसेफ स्कूल, लखारी में बड़ी संख्या में गार्जियन जुटे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने स्कूल पर छात्र एवं गार्जियन विरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाया।विरोध कर रहे अभिभावकों का कहना था कि स्कूल द्वारा अचानक करीब 67 प्रतिशत फीस बढ़ा दी गई है, जिसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। साथ ही नए पब्लिशर की किताबें, कॉपी, डायरी आदि खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में बच्चों के साथ मानसिक दबाव डाला जा रहा है और महिला गार्जियनों को स्कूल परिसर में प्रवेश तक नहीं दिया जाता।
कई अभिभावकों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से नए फादर के आने के बाद से गार्जियन-मीटिंग तक नहीं हुई है, जिससे संवाद की स्थिति पूरी तरह खत्म हो गई है।मामले पर सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी के कारण आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पब्लिशर्स द्वारा स्कूलों को मोटा कमीशन दिया जाता है, जिसके कारण अभिभावकों पर अनावश्यक खर्च थोपा जाता है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।हंगामे की सूचना पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अभिभावकों व स्कूल प्रबंधन के बीच बातचीत कराई। थाना प्रभारी राजीव कुमार की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बैठक तो हुई, लेकिन किसी ठोस निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी।अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन अपनी मनमानी पर अड़ा हुआ है, जबकि प्रबंधन की ओर से बताया गया कि फादर स्कूल में मौजूद नहीं हैं। हालांकि इस पर भी अभिभावकों ने सवाल उठाए।फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अभिभावक आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।