दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है:- उपायुक्त।
SHIKHAR DARPANMonday, March 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहल के तहत इंडिया ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा गिरिडीह में जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के बीच सहायता सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके दैनिक जीवन को सुगम करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। जिला प्रशासन एवं आई ओ सी एल के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने दिव्यांगजनों के बीच सहायता सामग्री का वितरण किया। इस दौरान लाभुकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे वे अपने दैनिक कार्यों को आसानी से कर सकें और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें। इस कार्यक्रम में कुल 973 उपकरणों का वितरण किया गया।
जिसमें हाथ से चलने वाली पारंपरिक ट्राइसाइकिल (बच्चों के लिए), मोटर चालित व्हीलचेयर, हाथ से चलने वाली पारंपरिक ट्राइसाइकिल (वयस्कों के लिए), दृष्टिबाधित किट, वयस्क व्हीलचेयर (साथी मॉडल), बच्चों की व्हीलचेयर (ममता मॉडल), बगल के सहारे वाली बैसाखी (मध्यम, वयस्क), बगल के सहारे वाली बैसाखी (बड़ी, वयस्क), बगल के सहारे वाली बैसाखी (छोटी, वयस्क), कोहनी वाली बैसाखी (वयस्क), कोहनी वाली बैसाखी (बच्चों के लिए), चलने की छड़ी / सहारा छड़ी, कान के पीछे लगाने वाली डिजिटल श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), रोलैटर वॉकर (प्रकार A), रोलैटर वॉकर (प्रकार C), टीएलएम किट (शिक्षण-अधिगम सामग्री किट), सुगम्य छड़ी (दृष्टिबाधितों के लिए विशेष छड़ी), कृत्रिम अंग एवं कैलिपर, सीपी चेयर (सेरेब्रल पाल्सी के लिए विशेष कुर्सी), जॉयस्टिक से चलने वाली व्हीलचेयर शामिल है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आई ओ सी एल की सी इस आर पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सहायता सामग्री मिलने से दिव्यांगजनों को चलने-फिरने, पढ़ने-लिखने और रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हमेशा जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए तत्पर है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।इस अवसर पर कोडरमा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के कमजोर एवं दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। IOCL की यह CSR पहल सराहनीय है, जो जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही है।इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बिनोद सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए सरकार और विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से समाज में समावेशिता की भावना मजबूत होती है और जरूरतमंद लोगों को नई उम्मीद मिलती है। कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला प्रशासन और IOCL के बेहतर समन्वय का परिणाम रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी लाभुकों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। IOCL के प्रतिनिधियों ने कहा कि कंपनी अपने CSR कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में IOCL कई योजनाएं चला रही है। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने सहायता सामग्री प्राप्त कर खुशी जाहिर की और जिला प्रशासन एवं IOCL के प्रति आभार व्यक्त किया। कई लाभुकों ने कहा कि व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल मिलने से अब उन्हें आने-जाने और अपने काम करने में काफी सुविधा होगी। इससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ पाएंगे।