Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में उमड़ा रामभक्तों का जनसैलाब, जय श्री राम के जयकारों से गूंजा शहर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भगवान राम के जन्मोत्सव एवं सनातन परंपरा के शौर्य के प्रतीक महापर्व रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार की सुबह गिरिडीह पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया। अहले सुबह से ही शहर की सड़कों पर रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में लाठी, तलवार और भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु जय श्री राम के जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए।इस दौरान आरएसएस के कुटुंब प्रबोधन की संचालिका सह समाजसेविका पूनम बरनवाल और मिन्नी बरनवाल के नेतृत्व में करीब 300 युवतियों ने भगवा पगड़ी पहनकर शहर के विभिन्न हिस्सों में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन किया। 8 से 25 वर्ष तक की युवतियों ने दस दिनों के प्रशिक्षण के बाद लाठी और तलवार के जरिए आत्मरक्षा कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के साथ निकले जुलूस में चार दर्जन से अधिक अखाड़ों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मकतपुर, कालीबाड़ी चौक, पद्म चौक, शिव मोहल्ला और मुस्लिम बाजार होते हुए जुलूस बड़ा चौक पहुंचा, जहां खिलाड़ियों ने पारंपरिक युद्ध कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे शहर में भगवा ध्वज और महावीरी पताकाएं लहराती नजर आईं। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर तैनात रहे।विभिन्न संगठनों जैसे विहिप, बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, माहुरी नवयुवक समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच द्वारा लगाए गए मंचों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान शहर में उत्साह, भक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.