बनासो में बाहा बोंगा कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू।
SHIKHAR DARPANMonday, March 02, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण प्रतिनिधि।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सोमवार को पीरटांड़ प्रखंड के भारती चलकरी पंचायत अंतर्गत बनासो गांव पहुंचे, जहां बाहा बोंगा समिति बनासो द्वारा आयोजित पारंपरिक कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। मंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री द्वारा मांझीथान पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद लेने के साथ हुई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मांदर की थाप और सामूहिक आदिवासी नृत्य के बीच मंत्री को जुलूस की शक्ल में कार्यक्रम स्थल तक लाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।
बाहा बोंगा समिति बनासो की ओर से मंत्री सहित अन्य अतिथियों को माल्यार्पण, गुलदस्ता भेंट कर तथा सरना गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बाहा बोंगा पर्व की महत्ता एवं उसकी सांस्कृतिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रकृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं।मंत्री ने आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परंपराओं को सहेजने का कार्य सराहनीय है और सरकार भी आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।