झंडा मैदान में झामुमो का 53वां स्थापना दिवस, हजारों की भीड़; कई लोगों ने ली सदस्यता।
SHIKHAR DARPANMonday, March 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह के झंडा मैदान में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 53वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और विशेष रूप से आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हुए।समारोह में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, टुंडी विधायक मथुरा महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी, महापौर प्रमिला मेहरा, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, केदार हाजरा, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, अजीत कुमार पप्पू, शालिनी गुप्ता और प्रणव वर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। साथ ही झामुमो के कई आंदोलनकारी नेताओं को भी श्रद्धांजलि दी गई।इस दौरान पोषण सखी संघ से इस्तीफा देकर आई प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में कई महिलाओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। विधायक कल्पना सोरेन और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
इसके अलावा भी कई लोगों ने समारोह के दौरान पार्टी की सदस्यता ली।समारोह में कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा शिबू सोरेन की बड़ी तस्वीर अतिथियों को भेंट की गई। वहीं मंच से कई वक्ताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए हेमंत सरकार की योजनाओं, विशेषकर मईया सम्मान योजना को बड़ी उपलब्धि बताया।अपने संबोधन में विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि स्थापना दिवस सिर्फ एक तिथि नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन की स्मृति और संघर्ष की पहचान है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह की धरती ने उन्हें बेटी के रूप में अपनाया और यहीं से उन्हें संघर्ष की प्रेरणा मिली। साथ ही उन्होंने बताया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को वर्ष 2050 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर सरकार काम कर रही है।वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड को बचाने और अलग राज्य बनाने के लिए झामुमो ने कई त्याग किए हैं और राज्य के हर कोने में आंदोलनकारियों का योगदान याद किया जाता है।समारोह ने एक बार फिर झारखंड में झामुमो की मजबूत पकड़ और जनसमर्थन को प्रदर्शित किया।