Type Here to Get Search Results !

सम्मेद शिखरजी मधुबन में भगवान महावीर का 2625वां जन्मकल्याणक महोत्सव धूमधाम से संपन्न।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी मधुबन की पावन धरा पर सोमवार को भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्मकल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर को परंपरागत रूप से महावीर जयंती के रूप में जाना जाता है, हालांकि हाल के वर्षों में इसे ‘जन्मकल्याणक’ कहा जाने लगा है।महोत्सव को लेकर मधुबन में कई दिनों से व्यापक तैयारियां चल रही थीं। सोमवार सुबह तेरहपंथी कोठी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मधुबन के प्रमुख मार्गों से होते हुए अनिंदा पार्श्वनाथ मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। शोभायात्रा के दौरान जैन समाज के लोगों ने जिनशासन स्थल पर भगवान का अभिषेक एवं पूजन किया।शोभायात्रा में सबसे आगे ‘जियो और जीने दो’ का संदेश अंकित बैनर आकर्षण का केंद्र रहा। इस संदेश के साथ श्रद्धालु आगे बढ़ते रहे, वहीं पीछे भक्तों का विशाल जनसमूह भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को गुंजायमान करता रहा। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों में भगवान महावीर के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

मधुबन के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा का समापन मंदिर परिसर में किया गया। इसके पश्चात प्रतिमाओं का प्रक्षाल पूजन, अभिषेक और विधान आयोजित किया गया। दिनभर शांतिधारा, पूजन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे। वहीं शाम को प्रश्नमंच एवं मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जबकि रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान पंच मंदिर सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत एवं ठंडा पेय की विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा भी जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए।दोपहर में आचार्य वैराग्य नंद जी महाराज ने प्रवचन देते हुए जैन धर्म की घटती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त की और समाज से इसे बढ़ाने एवं सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धर्म की मजबूती समाज के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष राजू जैन, महामंत्री अमित कुमार जैन, कोषाध्यक्ष सुनील जैन,सत्येंद्र जैन, लाजपत राय जैन, विनोद जैन, मनोज जैन,अतिशय जैन, शैलेन्द्र जैन,अमित सिन्हा,सुमन सिन्हा, अतुल जैन,ऋषभ जैन, प्रेमचंद जैन,अमित जैन,बी एन चौगुले, पंकज जैन, नागेंद्र सिंह, रवि जैन, रूपेश जैन, डां0ओमप्रकाश सिंह,डॉ त्रिपुरारी गिरी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.