Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में गैस एजेंसी पर हंगामा, कालाबाजारी और अवैध वसूली के आरोप।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रखंड के चिरकी स्थित प्रतिमा गैस एजेंसी में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बताया जाता है कि गैस से लदे ट्रक को एजेंसी परिसर तक नहीं लाकर दूर ही रोक दिया गया था, जिससे लोगों का आक्रोश भड़क उठा। एजेंसी के बाहर गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान कर्मियों द्वारा केवाईसी के नाम पर ₹200 की मांग किए जाने का आरोप लगा।ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी द्वारा खुलेआम गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग की जा रही है। आरोप है कि ट्रक को सिद्धू-कानू मैदान के पास रोककर वहीं से सिलेंडरों की बिक्री की जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा, उपभोक्ताओं ने यह भी सवाल उठाया कि जिनका केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उनके मोबाइल पर स्वतः गैस बुकिंग के मैसेज कैसे आ रहे हैं। इससे एजेंसी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी और थाना प्रभारी दीपेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अंचल अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और जांच कराई जाएगी। फिलहाल गैस से लदे ट्रक को ब्लॉक परिसर में सुरक्षित रखकर सिलेंडरों को गोदाम भेजा जा रहा है। वहीं, एजेंसी संचालक ने अपनी सफाई में कहा कि गैस गोदाम तक जाने वाला रास्ता खराब होने के कारण ट्रक सीधे वहां नहीं पहुंच पाता। इसी कारण सिद्धू-कानू मैदान के पास ट्रक रोककर छोटे वाहनों से सिलेंडर गोदाम तक भेजे जाते हैं। इधर, ग्रामीण नितेश कुमार, बबलू कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक लंबे समय से मनमानी कर रहा है। उनका कहना है कि डीएसी नंबर, जो एक गोपनीय संपर्क नंबर होता है, उसे कर्मी उपभोक्ताओं से मांग लेते हैं, जिससे कालाबाजारी की संभावना बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.