गिरिडीह में चेन झपटमारी से दहशत, CCTV में कैद हुई वारदात।
SHIKHAR DARPANThursday, February 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह शहर में बुधवार देर शाम चेन झपटमारी की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। नगर थाना क्षेत्र के मकतपुर बंग्ला स्कूल के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। भुक्तभोगी महिला की पहचान मनीषा कपिसवे के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, वह किसी काम से बाजार गई थीं और वहां से टोटो पर सवार होकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह मकतपुर बंग्ला स्कूल के पास टोटो से उतरीं और चालक को किराया देने लगीं, उसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और शोर मचाते हुए बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो चुके थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।