गिरिडीह नगर निगम चुनाव: नाली, पेयजल और मूलभूत सुविधाएं बनीं इस बार का सबसे बड़ा मुद्दा।
SHIKHAR DARPANSaturday, February 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बार का चुनाव विकास और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों पर केंद्रित होता नजर आ रहा है। खासकर वार्ड स्तर पर नाली की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और सड़क, सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं मतदाताओं के लिए सबसे बड़े मुद्दे बनकर उभरी हैं।शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से जलजमाव, टूटी-फूटी नालियां और अनियमित पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रहा है।
मतदाताओं का कहना है कि इस बार वे ऐसे प्रत्याशियों को चुनना चाहते हैं जो केवल वादे न करें, बल्कि वार्डों की वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। वहीं चुनाव मैदान में उतरे संभावित उम्मीदवार भी घर-घर जाकर जनसमर्थन जुटाने के साथ-साथ नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति सुधार, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने जैसे वादे कर रहे हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि उम्मीदवार इन बुनियादी मुद्दों पर ठोस योजना और भरोसेमंद कार्यशैली पेश करते हैं, तो मतदाताओं का रुझान उनके पक्ष में जा सकता है। ऐसे में गिरिडीह नगर निगम का यह चुनाव विकास बनाम वादों की परीक्षा साबित हो सकता है।अब देखना यह होगा कि नगर निगम की कमान किसके हाथों में जाती है और चुनी गई नई टीम शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं का कितना प्रभावी समाधान कर पाती है।