गिरिडीह में अवैध क्वार्ट्ज खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त।
SHIKHAR DARPANTuesday, February 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के अंतर्गत वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सफेद पत्थर (क्वार्ट्ज) लदा एक ट्रैक्टर-ट्रेलर जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई।वन प्रमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल को सूचना मिली थी कि चतरो सुरक्षित वन क्षेत्र, थाना गिरिडीह (मु) से अवैध रूप से क्वार्ट्ज का उत्खनन कर उसे बालमुकुंद प्राइवेट लिमिटेड परिसर में गिराया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, गिरिडीह वन प्रक्षेत्र के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी के लिए भेजी गई।कार्रवाई के दौरान गिरिडीह–धनबाद मुख्य मार्ग पर चतरो के पास सफेद पत्थर लदा ट्रैक्टर-ट्रेलर आते देखा गया।
गश्ती दल के वाहन को देखते ही चालक ट्रैक्टर सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर, गिरिडीह लाया गया।वन विभाग ने अज्ञात चालक और वाहन मालिक के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गश्त बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार, उप परिसर पदाधिकारी सिकंदर पासवान, अशोक कुमार, संजय पंडित, संजयकांत यादव एवं बिरेंद्र कुमार सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।