Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पूर्व सांसद-मंत्री की संयुक्त प्रेसवार्ता, नगर विकास मंत्री पर समाज तोड़ने का आरोप।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर निकाय चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को गिरिडीह में पूर्व मंत्री सह पूर्व सांसद रविंद्र राय और पूर्व मंत्री राजपालीवाल ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार और नगर विकास मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए।पूर्व सांसद रविंद्र राय ने बिना नाम लिए सदर विधायक सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पर समाज को बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए यूजीसी जैसे मुद्दों को उठाकर अगड़ी-पिछड़ी समाज को लड़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले पर उच्चतम न्यायालय की रोक लगी हुई है और निकाय चुनाव हमेशा स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जाता है, लेकिन राज्य सरकार जनता का ध्यान भटकाने में लगी है। राय ने आरोप लगाया कि एक ओर मंत्री अलग-अलग समाज के साथ बैठक कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके दल से जुड़े लोग यूजीसी के मुद्दे पर सामाजिक विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब से राज्य में सरकार बनी है, तब से विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और अब चुनाव में जातीय तनाव पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं पूर्व मंत्री राजपालीवाल ने भी नगर विकास मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि इस निकाय चुनाव में सनातन समाज और हिंदू धर्म से जुड़े लोग एकजुट हैं।उन्होंने दावा किया कि यूजीसी के नाम पर अगड़ी-पिछड़ी समाज में किसी तरह की फूट नहीं पड़ने दी जाएगी और समाज को बांटने की कोशिश सफल नहीं होगी।संयुक्त प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी के कई नेता मौजूद रहे, जिनमें महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, भाजपा नेता मनोज सिंह और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। इधर राजनीतिक बयानबाजी के बीच गिरिडीह में निकाय चुनाव को लेकर माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.