बड़ा हादसा टला: तेज रफ्तार ट्रक ने शिक्षक की कार को मारी टक्कर।
SHIKHAR DARPANThursday, February 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर वन विभाग कार्यालय के समीप गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। स्कूल जा रहे एक शिक्षक की कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि शिक्षक सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार कार (JH-11AS-6524) के मालिक पेशे से शिक्षक हैं और वे मघैया टोला प्राथमिक उच्च विद्यालय में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही ट्रक (NL-01K-2778) ने बिना ब्रेक लगाए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। शिक्षक के अनुसार ट्रक ने कार को दाईं ओर से घसीटते हुए कुछ दूरी तक धकेल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पाकर पचंबा थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।