गिरिडीह में वार्ड पार्षद प्रत्याशी के साथ मारपीट, सांसद प्रतिनिधि सह आजसू नेता के करीबी पर लगा आरोप/नामांकन करने पर हमला, वार्ड में आक्रोश।
SHIKHAR DARPANWednesday, February 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर प्रत्याशियों में जोश अपने चरम पर है, लेकिन इसी चुनावी सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 23 से पार्षद पद के प्रत्याशी अंशु यादव के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को वार्ड 23 के प्रत्याशी अंशु यादव अपने घर से चुनाव प्रचार के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान मंटू साहू ने उन्हें रोककर नामांकन करने को लेकर सवाल किया और देखते ही देखते गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। अंशु यादव का आरोप है कि मंटू साहू ने यह हमला सांसद प्रतिनिधि सह आजसू नेता गुड्डू यादव के इशारे पर किया। इस मारपीट में पूर्व पार्षद चैता दास की भी संलिप्तता बताया है।अंशु यादव ने नगर थाना में आवेदन देकर मंटू साहू के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। साथ ही उन्होंने उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अंशु यादव ने आरोप लगाया कि आजसू नेता गुड्डू यादव वार्ड 23 के निवासी नहीं हैं, इसके बावजूद वे इस वार्ड में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो इसी कारण उनके साथ मारपीट की गई। अंशु यादव ने यह भी आरोप लगाया कि गुड्डू यादव डिप्टी मेयर बनने की मंशा से दूसरे वार्ड में हस्तक्षेप कर रहे हैं और तरह-तरह के दबाव बनाए जा रहे हैं।घटना के बाद वार्ड संख्या 23 के सैकड़ों महिला-पुरुष एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने चुनाव के दौरान हिंसा को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।वहीं, इस पूरे मामले पर सांसद प्रतिनिधि सह आजसू नेता एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी गुड्डू यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। चुनावी माहौल में हुई इस मारपीट की घटना ने गिरिडीह नगर निगम चुनाव की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।